छत्तीसगढ़ के बाल कलाकार की ऑन-स्क्रीन मां प्रिया मराठे का कैंसर से निधन

छत्तीसगढ़ के बाल कलाकार की ऑन-स्क्रीन मां प्रिया मराठे का कैंसर से निधन
मुंबई/रायपुर। हिंदी और मराठी मनोरंजन जगत की जानी-मानी अभिनेत्री प्रिया मराठे का शनिवार देर रात 38 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं। टीवी धारावाहिक पवित्र रिश्ता में वर्षा का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली प्रिया की असमय मृत्यु से इंडस्ट्री और दर्शकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रिया मराठे ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत मराठी सीरियल्स से की थी और बाद में कसम से, कॉमेडी सर्कस, बड़े अच्छे लगते हैं और साथ निभाना साथिया जैसे लोकप्रिय हिंदी धारावाहिकों में भी अहम भूमिकाएँ निभाईं। लेकिन उनकी असली पहचान बनी पवित्र रिश्ता की “वर्षा”, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया।
इस बीच, छत्तीसगढ़ के उभरते बाल कलाकार सौभाग्य शिल्पी ने भी उनके साथ एक फिल्म में काम किया था। उस फिल्म में सौभाग्य ने प्रिया मराठे के बेटे की भूमिका निभाई थी। शूटिंग के दौरान सौभाग्य और प्रिया के बीच गहरा रिश्ता बन गया था। सौभाग्य ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा—
“प्रिया दीदी सेट पर हमेशा मुझे प्रोत्साहित करती थीं। उन्होंने मुझे मां की तरह अपनाया। उनका जाना मेरे लिए व्यक्तिगत नुकसान जैसा है।”
उनकी शादी वर्ष 2012 में अभिनेता शांतनु मोग्हे से हुई थी। विनम्र और मेहनती स्वभाव की धनी प्रिया ने बीमारी के बावजूद आख़िरी समय तक हिम्मत नहीं हारी।
इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों और सह-कलाकारों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि दी है। पवित्र रिश्ता की ‘सविता ताई’ यानी उषा नाडकर्णी ने कहा—
“पहले सुशांत चला गया और अब प्रिया… ऐसा लगता है जैसे पवित्र रिश्ता की आत्मा ही खत्म हो गई।”
को-एक्टर अनुराग शर्मा ने भी लिखा—
“एक बेहतरीन इंसान और अद्भुत कलाकार हमें छोड़कर चली गईं। प्रिया, तुम्हारी मुस्कान हमेशा याद रहेगी।”
मराठी अभिनेत्री हेमांगी कवी और राजनेता उदयनराजे भोसले समेत कई जानी-मानी हस्तियों ने भी शोक संवेदना व्यक्त की।
प्रिया मराठे का जाना भारतीय मनोरंजन जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी सादगी, मुस्कान और बेहतरीन अदाकारी हमेशा दर्शकों के दिलों में जीवित रहेंगी।
What's Your Reaction?






